
जिला पंचायत सक्ती ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम पंचायत मरघट्टी के सचिव महेन्द्र कुमार चन्द्रा को निलंबित कर दिया है। सचिव पर गंभीर लापरवाही और वित्तीय अनियमितता के आरोप लगाए गए थे। शिकायतों के आधार पर की गई जांच में महेन्द्र कुमार चन्द्रा की भूमिका संदिग्ध पाई गई। जांच में यह स्पष्ट हुआ कि उन्होंने 15वें वित्त आयोग एवं अन्य मदों से संबंधित राशि में अनियमितता करते हुए लाखों रुपए का गबन किया है।

जांच अधिकारी ने रिपोर्ट में यह भी उल्लेख किया कि सचिव ने जांच में अपेक्षित सहयोग नहीं किया और आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए। इसके चलते जिला पंचायत सीईओ ने पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के सेवा नियम 1999 के तहत निलंबन की कार्रवाई की है।निलंबन आदेश के अनुसार, सचिव महेन्द्र कुमार चन्द्रा का मुख्यालय निलंबन अवधि के दौरान जनपद पंचायत मालखरौदा में रहेगा। वहीं, जिला पंचायत सीईओ ने जनपद पंचायत मालखरौदा के सीईओ को ग्राम पंचायत मरघट्टी के लिए प्रभारी सचिव नियुक्त करने के निर्देश जारी किए हैं।


