
बिलासपुर :- सिविल लाइन थाना क्षेत्र में हुई चाकूबाजी की घटना में घायल युवक महेश यादव की इलाज के दौरान मौत हो गई। इस वारदात के बाद यादव समाज में गुस्सा फूट पड़ा है। बुधवार को समाज के प्रतिनिधि एएसपी से मिले और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
जानकारी के मुताबिक, 1 अगस्त की रात महेश यादव राजीव गांधी चौक स्थित पेट्रोल पंप गया था। इसी दौरान उसका विवाद दूसरे समुदाय के युवक से हो गया। आरोप है कि तालापारा से कुछ युवकों को बुलाकर महेश पर अचानक चाकू से हमला किया गया। हमले में उसके पेट और पीठ पर गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।महेश को पहले सिम्स में भर्ती कराया गया, जहाँ उसकी सर्जरी नहीं हो सकी। इसके बाद उसे अपोलो और फिर रायपुर के बालाजी अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन कई दिनों तक चले इलाज के बावजूद महेश की मौत हो गई। परिजनों और समाज का कहना है कि हमले में शामिल आरोपियों पर अब तक कड़ी कार्रवाई नहीं की गई है।यादव समाज के प्रतिनिधियों का कहना है कि पुलिस ने पाँच आरोपियों को पकड़ा है, जिनमें से कुछ नाबालिग हैं। लेकिन बाकी बालिग आरोपियों पर कोई सख्त कदम नहीं उठाया गया। समाज ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई तो वे उग्र आंदोलन करेंगे।


