संपूर्ण विश्व में चैत्र नवरात्रि का पावन पर्व श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जा रहा है। इसी क्रम में, बिलासपुर के रेलवे क्षेत्र न्यू लोको कॉलोनी स्थित 126 वर्ष पुराने श्री त्रिपुर सुंदरी मरी माई माता मंदिर में भी भव्य आयोजन का शुभारंभ हो चुका है। 30 मार्च से 6 अप्रैल तक चलने वाले इस आयोजन में शक्ति उपासना के विभिन्न अनुष्ठान पूरे विधि-विधान से संपन्न हो रहे हैं। नवरात्रि पर्व के दौरान मंदिर परिसर भक्तों की आस्था से आलोकित हो उठा है। देवी दरबार में 1100 से अधिक मनोकामना ज्योति कलश प्रज्वलित किए गए, जो श्रद्धालुओं की अटूट भक्ति का प्रतीक हैं। पूरे नौ दिनों तक मां के नौ स्वरूपों का विशेष श्रृंगार किया जाएगा, जिसमें प्रतिदिन देवी को भव्य नववस्त्र धारण कराए जाएंगे और विविध रंगों की साड़ी से सजाया जाएगा।मंदिर के पूजा प्रभारी तरुण आचारी महाराज ने बताया कि नवरात्रि के प्रथम दिन मंदिर समिति के सभी सदस्यगणों और श्रद्धालुओं ने मिलकर प्रतिपदा तिथि पर घट स्थापना की। वृंदावन से पधारे आचार्य दीपक दुबे एवं उनके सहयोगी आचार्यों द्वारा सतचंडी पाठ, ललिता सहस्रनाम और देवी भागवत का पाठ पूरे नौ दिनों तक किया जाएगा, जिससे संपूर्ण वातावरण भक्तिमय बना हुआ है।आठवें दिन, अष्टमी तिथि को विशेष रूप से 108 कन्याओं का पूजन एवं भंडारा आयोजित किया जाएगा, जिसमें कन्याओं को देवी स्वरूप मानकर विधिपूर्वक सम्मान दिया जाएगा। इसके बाद नवमी के दिन पूर्णाहुति के साथ चैत्र नवरात्रि महोत्सव का विधिवत समापन होगा। मंदिर समिति ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर इस धार्मिक आयोजन का पुण्य लाभ उठाने की अपील की है। इस महोत्सव में देवी आराधना के साथ भजन-कीर्तन, हवन और विभिन्न आध्यात्मिक गतिविधियां भी होंगी, जिससे श्रद्धालु मां के दिव्य आशीर्वाद की अनुभूति कर सकें।


