
छत्तीसगढ़ शासन द्वारा विद्यार्थियों को स्कूलों से जोड़ने के लिए लगातार नई पहलें की जा रही हैं। इसी क्रम में मंगलवार को सरकंडा स्थित पंडित रामदुलारे स्वामी आत्मानंद स्कूल में विधायक निधि से निर्मित कक्षाओं का लोकार्पण और सरस्वती साइकिल योजना के तहत साइकिल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस योजना के अंतर्गत नौवीं कक्षा की छात्राओं को निःशुल्क साइकिल प्रदान की जाती है, जिससे दूरस्थ क्षेत्रों की बालिकाएं नियमित रूप से स्कूल पहुंच सकें।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल और महापौर पूजा विधानी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर विद्यालय परिसर में क्षेत्रीय पार्षद, शिक्षकगण और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद थे। विधायक अमर अग्रवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे नियमित रूप से विद्यालय आएं और प्रदेश की प्रगति में अपनी भूमिका निभाएं।उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि विद्यालय की सभी आवश्यक सुविधाओं और निर्माण संबंधी मांगों को शीघ्र पूरा किया जाएगा, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सके। सरस्वती साइकिल योजना जैसी पहलें छात्राओं में शिक्षा के प्रति उत्साह बढ़ाने का कार्य कर रही हैं।


