लोकसभा चुनाव के प्रचार के लिए कांग्रेसी नेता राहुल गांधी 29 अप्रेल को बिलासपुर में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करने सकरी आ रहे है। राहुल गांधी के जनसभा के लिए सकरी में विशाल वाटरप्रूफ पंडाल बनाया जा रहा है। राहुल गांधी की सभा से पहले ही छत्तीसगढ़ प्रभारी वरिष्ठ कांग्रेस नेता सचिन पायलट, प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज, वरिष्ठ कांग्रेस नेता मोहन मरकाम सहित कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रदेश स्तर के नेताओं का कार्यक्रम स्थल पर दौरा शुरू हो गया।



वहीं राहुल गांधी के सभा से एक दिन पहले रविवार को सुरक्षा के लिहाज से पुलिस और प्रशासन के उच्चाधिकारियों ने भी कार्यक्रम स्थल पहुंचकर चल रही तैयारियों का जायजा लिया। मीडिया से बातचीत में छत्तीसगढ़ प्रभारी सचिन पायलट ने कहा कि दो चरणों के चुनाव के बाद जिस तरह से देशवासियों का कांग्रेस को प्यार मिल रहा है। उससे भारतीय जनता पार्टी के बड़े नेता बौखला गए हैं। हार जीत के सवाल पर पायलट ने कहा कि यह तो आने वाला वक्त और देशवासी तय करेंगे कि उन्हें किसकी सरकार बनानी है।








