

बिलासपुर– गणेश नगर ब्रिज के नीचे स्थित जया एवं जेएम मेडिकल में सिरगिट्टी पुलिस और ड्रग विभाग की संयुक्त टीम ने छापेमार कार्रवाई की। लगातार मिल रही शिकायतों के आधार पर यह कार्रवाई की गई, जिसमें मेडिकल में रखे कफ सीरप की जांच की गई।थाना प्रभारी किशोर केंवट ने बताया कि मेडिकल संचालक के खिलाफ शिकायतें मिल रही थीं। इस पर ड्रग विभाग को जानकारी दी गई और मौके पर दबिश दी गई। कार्रवाई के दौरान मेडिकल दुकान में कफ सीरप तो मिला, लेकिन उसके खरीद-बिक्री से संबंधित दस्तावेज़ संचालक मौके पर प्रस्तुत नहीं कर सका।ड्रग विभाग ने संचालक को मौके पर बुलाकर सभी दवाइयों के रिकॉर्ड की बारीकी से जांच की। संचालक ने दावा किया कि दस्तावेज़ उसके पास हैं और बाद में प्रस्तुत कर देगा, लेकिन तत्काल कोई बिल या पर्चेसिंग डिटेल उपलब्ध नहीं करा सका।ड्रग विभाग के इंस्पेक्टर ने दवाइयों की एक्सपायरी और अन्य विवरण की भी जांच की। मेडिकल दुकान में कमियां मिलने के बाद विभाग ने पंचनामा तैयार कर रिपोर्ट बनाई और आगे की कार्रवाई के लिए रिकॉर्ड सुरक्षित कर लिया।


