
दीपावली पर्व के मद्देनजर यातायात पुलिस बिलासपुर ने शहरभर में विशेष यातायात व्यवस्था लागू की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह और एएसपी यातायात रामगोपाल करियारे के निर्देशन में सभी मुख्य चौक-चौराहों, बाजारों और हाईवे पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।नागरिकों से डायवर्जन, नो-एंट्री, पार्किंग और एकांगी मार्ग जैसे निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।

साथ ही, मुख्य मार्गों पर पटाखे नहीं फोड़ने और केवल नगर प्रशासन द्वारा निर्धारित स्थानों पर ही पटाखा दुकानें लगाने की हिदायत दी गई है।यातायात पुलिस ने शहर के व्यस्त इलाकों में रूट निरीक्षण कर भीड़ नियंत्रण, क्रेन पेट्रोलिंग और आपात ड्यूटी व्यवस्था सुनिश्चित की है। व्यापारियों से सड़कों पर सामान न फैलाने और ग्राहकों के वाहनों के लिए निर्धारित पार्किंग का उपयोग कराने की अपील की गई है ताकि नागरिक सुरक्षित और सुगम यातायात का आनंद ले सकें।


