
गुरुवार को नवरात्र के समापन के साथ ही माता अपने भक्तों से विदा लेने लगी बिलासपुर के छठ घाट और पचरी घाट में माता के प्रतिमाओं का विसर्जन का दौर सुबह से ही शुरू हो गया तो वहीं शुक्रवार को शहर में स्थापित दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन होगा। नवरात्र के नौ दिनों तक भक्तिभाव से पूजा-अर्चना करने के बाद अब मां दुर्गा अपने भक्तों से विदा लेने लगी हैं।

विजयदशमी के अवसर पर पंडालों में विराजमान मां दुर्गा को विधिविधान और परंपरा के अनुसार विदा किया जा रहा है। गुरुवार से ही नगर निगम द्वारा बनाए गए विसर्जन स्थलों पर भक्त प्रतिमाओं को लेकर पहुंच रहे हैं और जयकारों के बीच मां को विदाई दे रहे हैं। हालांकि, दुर्गा प्रतिमाओं का मुख्य विसर्जन शुक्रवार को होगा, लेकिन कई समितियों ने गुरुवार को ही परंपरा अनुसार प्रतिमाओं का विसर्जन किया।

इस दौरान भक्तों में जहां मां को विदा करने का दुख है, वहीं विजयादशमी के पर्व पर बुराई पर अच्छाई की जीत का उत्साह भी देखने को मिला। शहरभर में ढोल-नगाड़ों और उत्साहपूर्ण माहौल के बीच भक्त मां के जयकारों के साथ उन्हें अपने धाम के लिए विदा कर रहे हैं।


