
रतनपुर मुस्लिम समुदाय की जानिब से आज हजरत मूसा शहिद रहमतुल्ला अलैह दरगाह परिसर में पहली बार इस्लामीक जनरल नॉलेज परीक्षा का आयोजन किया गया। इस परीक्षा में कुल 170 बच्चों ने रजिस्ट्रेशन कराया था, जिनमें से 151 बच्चों ने परीक्षा में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। जामा मस्जिद रतनपुर के इमाम मौलाना महफूज आलम ने बताया कि इस परीक्षा का मुख्य उद्देश्य बच्चों को दुनियवी तालीम के साथ-साथ दीनी तालीम की जानकारी देना था। उन्होंने कहा कि बच्चों को अपने दीन इस्लाम को समझने और नेकी के रास्ते पर चलने के लिए प्रेरित करना भी इस पहल का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है।

परीक्षा के दौरान बच्चों का उत्साह और जज्बा देखने योग्य था। सभी प्रतिभागियों ने पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ अपने ज्ञान का इम्तिहान दिया।इस्लामीक जनरल नॉलेज परीक्षा में बच्चों की मेहनत और प्रतिभा को देखते हुए कमेटी ने उनके लिए विशेष इनाम भी तय किए हैं। प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पाने वाले बच्चों को पुरस्कार के माध्यम से सम्मानित किया जाएगा।मौलाना महफूज आलम ने आगे बताया कि आने वाले 10 अक्टूबर को करैहापारा की सर जमीन पर जलसा का आयोजन किया जाएगा।

इस कार्यक्रम में मुफ्ती हम्माद रजा मुरादाबादी की हक्कानी और नूरानी तकरीर सुनने का मौका मिलेगा। जलसे में परीक्षा में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पाने वाले बच्चों को विशेष इनाम देकर सम्मानित किया जाएगा। इस कार्यक्रम के जरिए बच्चों में इस्लामी तालीम और नैतिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने का उद्देश्य रखा गया है। रतनपुर से वासित अली की रिपोर्ट


