
देश की रेल व्यवस्था में एक नया अध्याय जुड़ गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को वर्चुअली 103 रेलवे स्टेशनों का लोकार्पण किया। ये स्टेशन ‘अमृत भारत स्टेशन योजना’ के तहत विकसित किए गए हैं। इस ऐतिहासिक कार्यक्रम का हिस्सा छत्तीसगढ़ भी बना, जहां 5 स्टेशनों का पुनर्विकास कर उन्हें लोकार्पित किया गया।वीओ: छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर, उरकुरा, भिलाई, भानुप्रतापपुर और डोंगरगढ़ स्टेशन अब अत्याधुनिक सुविधाओं के साथ नजर आ रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने इन स्टेशनों का लोकार्पण किया। अंबिकापुर में हुए राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मौजूद रहे। उरकुरा में राज्यपाल रमेन डेका, भिलाई में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, भानुप्रतापपुर में डिप्टी सीएम अरुण साव और डोंगरगढ़ में सांसद संतोष पांडेय की उपस्थिति रही।

नवीन रूप से तैयार इन स्टेशनों में महिलाओं के लिए अलग प्रतीक्षालय, दिव्यांगों के लिए रैंप, डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड, आधुनिक शौचालय और स्थानीय कला की सजावट की गई है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि देशभर में 1300 से अधिक स्टेशनों को आधुनिक बनाया जा रहा है। वंदे भारत, नमो भारत और बुलेट ट्रेन जैसे प्रोजेक्ट्स पर भी तेज़ी से काम हो रहा है। छत्तीसगढ़ में अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत कुल 32 स्टेशनों का चयन किया गया है। इनमें रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, कोरबा, महासमुंद, भाटापारा और जगदलपुर जैसे प्रमुख स्टेशन शामिल हैं। इनका पुनर्विकास 1680 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से किया जा रहा है। पीएम मोदी ने अपने संबोधन में देश के चारों कोनों में हो रहे ऐतिहासिक निर्माण कार्यों का भी ज़िक्र किया—उत्तर में चिनाब ब्रिज, पूर्व में बोगीबील, पश्चिम में अटल सेतु और दक्षिण में पाम्बन ब्रिज। उन्होंने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना केवल बुनियादी ढांचे का नहीं, बल्कि नए भारत की गति और दिशा का प्रतीक बन चुकी है। रेलवे अब सिर्फ यात्रा नहीं, विकास का मजबूत माध्यम बन गया है।




