
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगामी छत्तीसगढ़ प्रवास को लेकर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नवा रायपुर के विभिन्न स्थलों का निरीक्षण कर तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का आगमन प्रदेश के लिए गौरव का अवसर है और हर व्यवस्था गरिमामय, व्यवस्थित और छत्तीसगढ़ की संस्कृति का प्रतीक होनी चाहिए।

सीएम साय ने श्री सत्य साईं हॉस्पिटल, ब्रह्मकुमारी ध्यान केंद्र, जनजातीय संग्रहालय और राज्योत्सव स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को तय समयसीमा में सभी कार्य पूरे करने, सुरक्षा, स्वच्छता और आमजन की सुविधा पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान वन मंत्री केदार कश्यप, मुख्य सचिव विकास शील और पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।


