प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 30 मार्च को छत्तीसगढ़ के दौरे पर आ रहे हैं, जहां वे प्रदेश को 37,700 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। इस दौरान वे बिलासपुर के सीपत स्थित एनटीपीसी में 800 मेगावाट के सुपर क्रिटिकल पावर प्लांट का शिलान्यास करेंगे। इस नई परियोजना से एनटीपीसी सीपत की कुल उत्पादन क्षमता बढ़कर 3,780 मेगावाट हो जाएगी, जिससे राज्य की ऊर्जा आपूर्ति को और मजबूती मिलेगी। प्रधानमंत्री मोदी के इस दौरे को लेकर राज्य सरकार और जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। आज बिलासपुर के मोहभट्ठा मैदान में उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर प्रधानमंत्री के आगमन और उनके कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार और प्रशासन प्रधानमंत्री की यात्रा को सफल बनाने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं कर रहे हैं। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू, विधायक धरमलाल कौशिक, सुशांत शुक्ला, अपर मुख्य सचिव मनोज पिंगुवा, संभागायुक्त महादेव कावरे समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और बिलासपुर जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम भी जारी कर दिया गया है। उनके दौरे के दौरान विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया जाएगा, जिनमें आधारभूत संरचना, ऊर्जा, औद्योगिक विकास और शहरी विकास से जुड़ी महत्वपूर्ण परियोजनाएं शामिल हैं।प्रधानमंत्री मोदी के दौरे के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है। विशेष सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है, और कार्यक्रम स्थल पर आने वाले लोगों की कड़ी निगरानी की जाएगी। प्रधानमंत्री मोदी द्वारा जिन परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया जाएगा, वे छत्तीसगढ़ के औद्योगिक और बुनियादी ढांचे के विकास में मील का पत्थर साबित होंगी। इससे न केवल ऊर्जा उत्पादन बढ़ेगा, बल्कि प्रदेश में औद्योगीकरण को भी नई गति मिलेगी।उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने बताया कि प्रधानमंत्री की यह यात्रा छत्तीसगढ़ के विकास के लिए ऐतिहासिक होगी। इससे न केवल राज्य के औद्योगिक और ऊर्जा क्षेत्र को मजबूती मिलेगी, बल्कि लाखों लोगों को रोजगार के नए अवसर भी प्राप्त होंगे। प्रधानमंत्री मोदी के दौरे को लेकर छत्तीसगढ़ की जनता में भी खासा उत्साह देखा जा रहा है। बड़ी संख्या में लोग उनके कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पहुंचेंगे। प्रशासन ने इस अवसर को भव्य बनाने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली है।


