
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत उसलापुर स्टेशन के पुनर्विकास कार्यों का गुरुवार को निरीक्षण किया गया। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने स्टेशन के सभी प्रमुख क्षेत्रों का गहन जायजा लिया और कार्यों की प्रगति का अवलोकन किया।निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने प्लेटफार्म, वेटिंग रूम, लिफ्ट, टिकट काउंटर और खानपान स्टॉल जैसी सुविधाओं का विशेष निरीक्षण किया। प्लेटफार्म नंबर-1 पर लगी लिफ्ट की तकनीकी खामियों को चिन्हित कर तुरंत सुधार के निर्देश दिए। साथ ही, ऑटो स्टैंड और टू-व्हीलर पार्किंग को सुरक्षित एवं व्यवस्थित रखने पर जोर दिया गया।तरुण प्रकाश ने स्टेशन के कटनी अंतिम छोर तक जाकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में उसलापुर स्टेशन का लोकार्पण होना है और चिन्हित किए गए सभी कार्य लोकार्पण से पहले पूरे कर दिए जाएंगे। उन्होंने स्टेशन को अमृत भारत योजना के तहत आधुनिक और यात्रियों के अनुकूल बनाने पर बल दिया।महाप्रबंधक ने कहा कि यह नया और आधुनिक रूप यात्रियों को बेहतर सुविधाएँ और आधुनिक परिवेश प्रदान करने में अहम साबित होगा। निरीक्षण में स्टेशन कर्मचारियों को सुधार और सुरक्षा के लिए दिशा-निर्देश भी दिए गए।


