Homeहमर बिलासपुरबिलासपुर पुलिस मैदान में स्वतंत्रता दिवस की 77वीं वर्षगांठ का आयोजन,...

बिलासपुर पुलिस मैदान में स्वतंत्रता दिवस की 77वीं वर्षगांठ का आयोजन, उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने किया ध्वजारोहण वहीं बच्चों ने प्रस्तुत किए सांस्कृतिक कार्यक्रम।

स्वतंत्रता दिवस की 77वीं वर्षगांठ पर बिलासपुर में मुख्य समारोह का आयोजन हर बार की तरह पुलिस मैदान में किया गया, जहां प्रदेश के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने ध्वजारोहण किया ।परेड की सलामी लेने के बाद उन्होंने मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया । सांस्कृतिक कार्यक्रमों के पश्चात यहां उन्होंने विशेष उपलब्धियो के लिए पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र का वितरण भी किया।

मौजूदा पीढ़ी में से शायद ही किसी ने अंग्रेजों की गुलामी का दौर देखा हो लेकिन यह एक ऐसा एहसास है कि 15 अगस्त आते ही छोटे बड़े, जवान बूढ़े हर किसी में देशभक्ति की भावना जाग उठती है। सुबह से ही जगह-जगह बजने वाले देशभक्ति गीत इस भावना को नहीं ऊंचाई देते हैं। स्वतंत्रता दिवस की वर्षगांठ पर पूरे बिलासपुर में उत्साह उल्लास का वातावरण रहा। बारिश भी इसमें खलल नहीं डाल पाई। बिलासपुर में हर वर्ष की भांति इस बार भी मुख्य समारोह का आयोजन पुलिस मैदान में किया गया।
सुबह से मौसम साफ था लेकिन जैसे ही ध्वजारोहण का समय आया तो मानो तिरंगे के स्वागत में आसमान से भी खुशियों की बारिश होने लगी। उप मुख्यमंत्री अरूण साव ने ध्वजारोहण किया।

ध्वजारोहण पश्चात राष्ट्रगान की धुन पर सलामी दी गई। दर्शक अपने स्थान पर खड़े हुए तथा वर्दीधारी अधिकारियों ने सेल्यूट किया। उपमुख्यमंत्री श्री साव ने शांति के प्रतीक सफेद कबूतर उड़ाए और हर्षोल्लास और उमंग के प्रतीक तिरंगे गुब्बारे आकाश में छोड़े। पूरे परिधान में सजे हुए 12 प्लाटूनों ने भव्य एवं आकर्षक परेड का प्रदर्शन किया।

श्री साव ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का प्रदेश की जनता के नाम संदेश का वाचन किया। इस अवसर पर स्कूली बच्चों द्वारा देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई, जिसने दर्शकों को मंत्र मुग्ध कर दिया ।

कार्यक्रम में नक्सल हिंसा में शहीद हुए जवानों के परिवारों को उप मुख्यमंत्री ने सम्मानित किया। शासकीय कार्याें एवं दायित्वों के उत्कृष्ट निर्वहन के लिए विभिन्न विभागों में कार्यरत 114 अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। परेड के लिए पहला स्थान सीनियर वर्ग में जिला महिला पुलिस बल और जूनियर वर्ग में अटल बिहारी बाजपेयी विश्वविद्यालय के एनएसएस को मिला। समारोह में स्कूली बच्चों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में स्वामी आत्मानंद महारानी लक्ष्मी बाई कन्या शाला ने पहला स्थान हासिल किया वहीं दूसरा स्थान कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय जरेली के बच्चों ने और तीसरा स्थान स्वामी आत्मानंद उच्चतर माध्यमिक शाला चिंगराजपारा ने प्राप्त किया।

कार्यक्रम में बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला, महापौर रामशरण यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सिंह चौहान, संभाग आयुक्त नीलम नामदेव एक्का, आईजी संजीव शुक्ला, कलेक्टर अवनीश शरण, पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह, श्री रामदेव कुमावत, भूपेश सवन्नी, नगर निगम कमिश्नर अमित कुमार, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी आर. पी. चौहान, एडीएम आर ए कुरूवंशी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments