हिंदू नव वर्ष के पहले दिन बिलासपुर में रहने वाले तेलगु समाज ने अपना नव वर्ष उगादि धूमधाम से मनाया। दिन भर खेलकूद प्रतियोगिताओं के बाद शाम को रंगारंग सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। इस अवसर पर समाज के प्रतिभाओं और बुजुर्गों का सम्मान भी हुआ।

चैत्र प्रतिपदा पर हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी दक्षिण भारतीय तेलगु समाज ने अपना नव वर्ष उगादि धूमधाम से मनाया। इस मौके पर श्री सोलापुरी माता पूजा सेवा समिति द्वारा 23वे वर्ष रेलवे नॉर्थ ईस्ट इंस्टिट्यूट फुटबॉल मैदान में समारोह का आयोजन किया गया। दोपहर को आयोजन समिति के अध्यक्ष वी राम राव और सचिव पार्षद सांई भास्कर ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। इसके पश्चात यहां पूजा पाठ और अन्य आयोजन हुए। इस अवसर पर दक्षिण भारतीय पुरोहित भास्कर नारायण ने पंचांग का पाठ करते हुए सभी जातकों के पूरे वर्ष का राशिफल सुनाया।
दोपहर में यहां विविध खेल एवं अन्य रोचक स्पर्धाओं का आयोजन हुआ, जिसमें प्री नर्सरी से लेकर कक्षा आठवीं तक के बच्चों और वयस्को ने भाग लिया। बालक और बालिकाओं के लिए 50 और 100 मीटर दौड़, जलेबी दौड़ का आयोजन किया गया तो वहीं बालिकाओं और विवाहित महिलाओं के लिए फ्री हैंड रंगोली प्रतियोगिता, मेहंदी प्रतियोगिता और म्यूजिकल चेयर कंपटीशन का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने भाग लिया। तो वहीं पुरुषों के लिए भी बेहद रोचक स्पर्धा आयोजित की गई ।

मंगलवार शाम को रेलवे नॉर्थ ईस्ट इंस्टिट्यूट फुटबॉल मैदान परिसर में सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया जहां समाज के ही बच्चों और युवाओं ने एक से बढ़कर एक नृत्य और संगीत की प्रस्तुति देकर दर्शकों का मन मोह लिया। इस अवसर पर अर्पिता के नृत्य ने खूब तालियां बटोरी। छोटे-छोटे बच्चों की प्रस्तुतियों पर दर्शक मंत्र मुग्ध होते नजर आए।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए तखतपुर विधायक ठाकुर धर्मजीत सिंह ने कार्यक्रम की मुक्त कंठ से सराहना करते हुए कहा कि बिलासपुर में रहने वाले तेलुगू समाज में एक से बढ़कर एक प्रतिभाएं हैं जिनको ऐसे आयोजनों से मंच मिलता है। उन्होंने कहा कि बिलासपुर में रहने वाले आंध्र समाज द्वारा वर्ष भर में एक से बढ़कर एक आयोजन होते हैं, जिसमें शामिल होना हमेशा से ही आनंददायक रहा है ।

विधायक धर्मजीत सिंह के अलावा विधायक सुशांत शुक्ला भी अतिथि के तौर पर सम्मिलित हुए। हर वर्ष की भांति इस बार भी तेलुगु नव वर्ष उगादि पर समाज के तीन बुजुर्ग दंपतियों का सम्मान किया गया। इस मौके पर सीजी बीएससी और सीबीएसई बोर्ड परीक्षा 2022-23 की प्रावीण्य सूची में शामिल 10वीं और 12वीं के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं का अतिथियों ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मान किया। साथ ही खेल और अन्य क्षेत्र के विशिष्ट प्रतिभाओं का भी सम्मान हुआ। आयोजन समिति के अध्यक्ष कोरबा विधानसभा प्रभारी और भाजपा नेता वी रामाराव ने बताया कि बिलासपुर में रहने वाला तेलगु समाज आज भी अपनी जड़ों से जुड़ा हुआ है। बिलासपुर में जन्म लेने वाले बच्चों में भी अपनी संस्कृति और कला के प्रति उतना ही आकर्षक है। उगादि महोत्सव जैसे आयोजनों से बिलासपुर में बसे तेलुगू समाज को संगठित होने और आपसी मेलजोल बढ़ाने का अवसर मिलता है, तो वही धार्मिक आयोजनों से नई पीढ़ी में भी अपनी संस्कृति को जानने समझने का अवसर प्राप्त होता है।

सी नवीन कुमार ने बताया कि इस आयोजन की तैयारी काफी दिनों से की जा रही थी। इसे लेकर आयोजको में जितना उत्साह था उससे कहीं अधिक उत्साह प्रतिभागियों में भी दिखा। प्री नर्सरी से लेकर बुजुर्गों की भी भागीदारी उगादि महोत्सव में रही, तो वहीं इस आयोजनों से आयोजन से समाज के बच्चों और युवाओं को ऐसा मंच मिला जिसके माध्यम से वे अपनी प्रतिभाओं का प्रदर्शन कर पाए। बुजुर्गों के सम्मान से जहां बच्चों में अच्छे संस्कार उत्पन्न होते हैं तो वहीं प्रतिभाओं के सम्मान से बच्चे और बेहतर करने का प्रयास करते हैं। अतिथियों द्वारा इस अवसर पर दोपहर में हुए विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। इस अवसर पर आयोजित सामाजिक भोज के साथ आयोजन का समापन हुआ।


