हर साल की तरह इस साल भी विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर वन विभाग की ओर से पर्यावरण दिवस मनाने के साथ पौधारोपण करने और दूसरों से कराने का संकल्प लिया गया। साथ ही बिलासपुर रेंज अंतर्गत भविष्य को सुरक्षित रखने पौधारोपण कर दूसरों को पौधारोपण करने प्रेरित कर जागरूक किया गया।


पर्यावरण का अर्थ संपूर्ण प्राकृतिक से है जिसमें हम रहते हैं। इसमें हमारे चारों ओर के सभी जीवित और निर्जीव तत्व शामिल हैं, जैसे कि हवा, पानी, मिट्टी, जानवर, पेड़-पौधे और अन्य जीव-जंतु। हर साल 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस सेलिब्रेट किया जाता है। ये दिन इसलिए मनाया जाता है ताकि ज़्यादा से ज़्यादा लोगों को प्रकृति से जुड़ी समस्याओं के बारे में जागरूक किया जा सके। साथ ही प्रकृति से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए कोई ठोस कदम उठाया जा सके। इसी कड़ी में बुधवार को बिलासपुर वन मंडल के तत्वाधान में सुबह वन मंडल अधिकारी सत्यदेव शर्मा के नेतृत्व में और अभिनव कुमार प्रशिक्षु आईएफएस उपवन मंडल अधिकारी बिलासपुर की मार्गदर्शन में अनुसंधान, विस्तार वन मंडल प्रांगण और निरीक्षण कुटीर कोनी में विश्व पर्यावरण वानकी दिवस का कार्यक्रम आयोजन किया गया।



जिसमें बिलासपुर वन परीक्षेत्र के रेंजर, सहायक वन क्षेत्र अधिकारी, बिलासपुर, बेलतरा, सोठी, सीपत, चिल्हाटी और बिलासपुर वन क्षेत्र के समस्त बीट फॉरेस्ट ऑफीसर के द्वारा वृक्षारोपण किया गया। साथ ही साथ स्कूल की छात्राओं के साथ भी रोपण किया गया और उन्हें पर्यावरण के बारे में विस्तृत से जानकारी दी गई। सीसीएफ प्रभात मिश्रा ने बताया कि सभी को जागरूक कर यह जानकारी भी दी जा रही है कि आम जामुन सीताफल के बीज का संग्रहण करके जब कभी भी आप कहीं पिकनिक पर घूमने जाते हैं तो उसे बीज को खुले स्थान में फेंक दे ताकी बरसात के समय वह बीज अंकुरित होकर के पेड़ का रूप धारण कर ले सके। इसके अलावा सीसीएफ ने कहा कि यह सभी अच्छे से देख, समझ और जान चुके हैं कि भीषण गर्मी के दौरान पेड़ पौधों के अभाव में पारा 48 से 50 डिग्री जा पहुंचा था।इसलिए अपने भविष्य को इस तरह की गम्भीर समस्या से बचाने के लिए पौधे लगाए।


विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर बुधवार को बिलासपुर जिले के अलग अलग स्थानों में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान सभी ने छायादार और फलदार पौधे लगाए। साथ ही आम लोगों से पर्यावरण सुरक्षा को लेकर पौधे लगाने की और पौधे को बचाने के लिए आवाहन किया। ताकि सबका भविष्य सुरक्षित रह सके।


