बिलासपुर के श्री वेंकटेश मंदिर में भगवान श्री कृष्ण का जन्मोत्सव बड़े धूमधाम से मनाया जा रहा है। इस मंदिर में नागपंचमी से जारी झूला महोत्सव का समापन जन्माष्टमी पर किया जायेगा। इस दिन सुबह से देर रात तक भक्तों का तांता लगा रहता है। हजारों भक्त जन्मोत्सव का कार्यक्रम देखने यहां देर रात तक मौजूद रहते हैं। यहां पूरे विधि विधान और मंत्रोच्चार के साथ जन्मोत्सव मनाया जाता है। दक्षिण भारत के भगवान श्री वेंकटेश जी का एक मंदिर बिलासपुर में भी है। यह मंदिर 80 साल पुराना है। इस मंदिर में श्री कृष्ण जी की प्रतिमा को साउथ इंडियन स्टाइल में काले ग्रेनाइट पत्थर से बनाया गया है।

श्री वैष्णव रामानुज संप्रदाय के अनुयायियों ने इस मंदिर का निर्माण कराया था। शहर का सबसे पुराना मंदिर होने के कारण यह भक्तों के आस्था का केंद्र भी है। इस साल श्री वेंकटेश मंदिर में भगवान की प्रतिमा का श्रृंगार और झूला महोत्सव की तैयारी पूरी है। श्री कृष्ण के जन्म उत्सव की तैयारी धूमधाम से हो रही है। मंदिर में हर साल कृष्ण जन्मोत्सव के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित होते हैं मंदिर में झूला उत्सव का विशेष आयोजन होता है जिसे नाग पंचमी से शुरू किया जाता है और जन्माष्टमी पर इसका समापन किया जाता है।


