Homeहमर बिलासपुरभाटापारा में आगजनी की घटना के बाद अब हालात को पटरी पर...

भाटापारा में आगजनी की घटना के बाद अब हालात को पटरी पर लाने की कोशिश तेज, आगजनी में 12 करोड़ के नुकसान का अनुमान 240 वाहन फूंके।

भाटापारा में हुई आगजनी की घटना के बाद अब प्रशासन नई रणनीति पर काम कर रहा है। कलेक्टर और एसपी ने संयुक्त प्रेसवार्ता कर बताया कि इस आगजनी करीब 12 करोड़ की क्षति हुई है लेकिन राहत की बात यह है कि बीमा कंपनियों द्वारा अब पीड़ित पक्षकारों को क्षतिपूर्ति की राशि प्रदान की जा रही है।

बलौदा बाजार कलेक्टर दीपक सोनी और पुलिस कप्तान विजय अग्रवाल ने सोमवार को संयुक्त जिला कार्यालय के सभा कक्ष में प्रेस को संबोधित करते हुए बताया कि पिछले दिनों बलौदा बाजार कलेक्ट्रेट और एसपी कार्यालय में हुई आगजनी को देखते हुए भविष्य की रणनीति तैयार की गई है। कलेक्टर ने बताया कि आगजनी की घटना में करीब 12 करोड रुपए की क्षति का अनुमान है, जिसमें संयुक्त जिला कार्यालय भवन, जिला पंचायत कार्यालय, जिला निर्वाचन कार्यालय, तहसील और पंजीयन कार्यालय भवन के अलावा वाहन, उपकरण, फर्नीचर भी शामिल है। शहर के अन्य स्थानों पर हुई क्षति का भी आकलन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि घटना में वाहनों की हुई क्षति के लिए बीमा कंपनियों से राशि दिलवाई जा रही है। अब तक 7 से 8 वाहन स्वामियों को बीमा राशि मिल चुकी है और करीब 23 प्रकरण प्रक्रिया के अधीन है। कलेक्टर ने यह भी बताया कि घटना में लगभग 240 निजी और शासकीय वाहन क्षतिग्रस्त हुए है इनमें से 31 तो पूरी तरह जल गए चार पहिया वाहन, 60 दो पहिया वाहन शामिल हैं। 27 क्षतिग्रस्त कार और लगभग 122 क्षतिग्रस्त दो पहिया वाहन शामिल है। जिन निजी वाहनों का बीमा नहीं है उनका भी मूल्यांकन कराया जा रहा है, जिसके लिए पीड़ित राहत समिति गठित की गई है।

इस आगजनी में कई विभागीय दस्तावेज भी जल गए थे, जिनके पुनर्निर्माण का काम भी शुरू किया गया है। कानून व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए भी लगातार बैठक की जा रही है। स्थानीय चेंबर ऑफ कॉमर्स, सिविल सोसाइटी और अशासकीय संगठन, कृषक संगठन, पेट्रोल पंप संचालकों के साथ भी बैठक कर शांति बहाली के प्रयास किये जा रहे हैं तथा सभी से अधिक से अधिक संख्या में सीसीटीवी कैमरे लगाने की अपील की गई है। जिले में सोशल मीडिया मॉनिटरिंग टीम भी बनाई गई है जो 24 घंटे निगरानी करेगी। सभी नकारात्मक और भड़काऊ पोस्ट पर भी प्रतिबंधात्मक कार्यवाही की जा रही है। किराए पर दिए गए मकान और दुकान की सूची नजदीकी थानों में देने तथा ठेका श्रमिकों की सूची भी संबंधित विभाग को देने के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर और एसपी ने कहा कि इस घटना से जिले की छवि खराब हुई है, जिसे बेहतर बनाने के लिए मीडिया से भी सहयोग मांगा जा रहा है।

एसपी विजय अग्रवाल ने बताया कि घटना की सभी पहलुओं पर जांच और कार्रवाई की जा रही है। अब तक 138 लोगों को हिरासत में लिया गया है। इस संबंध में आपत्तिजनक पोस्ट करने वालों के अकाउंट ब्लॉक भी किया जा रहे हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments