
मंगला चौक स्थित स्क्वायर फीट टाइल्स दुकान में हुई तिजोरी चोरी का खुलासा सिविल लाइन पुलिस ने कर लिया है। पुलिस ने घटना के एक हफ्ते के भीतर दो आरोपियों सोमू उर्फ अनुज कश्यप और आर्यन शुक्ला को मध्यप्रदेश के देवास से गिरफ्तार किया है। दोनों ने छत उखाड़कर दुकान से 5.80 लाख रुपये चोरी किए थे।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन और एसीसीयू टीम की तकनीकी इनपुट से आरोपियों तक पहुंच बनाई गई।

जांच के दौरान 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जिसके आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई। पुलिस टीम ने स्थानीय देवास पुलिस की मदद से आरोपियों को घेराबंदी कर पकड़ा।आरोपियों के कब्जे से 1.97 लाख नगद, चोरी की रकम से खरीदे गए दो आईफोन, चार्जर, कपड़े, जूते और बैग समेत कुल 3.55 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की गई है। साथ ही घटना में प्रयुक्त पेचकस, प्लास, टूटा ताला और स्कूटी भी जब्त की गई। पूछताछ में दोनों ने चोरी करना स्वीकार किया, जिन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।


