
छत्तीसगढ़ से लगे ओडिशा और आंध्र प्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्र में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। मधुमाल के घने जंगलों में नक्सलियों का छिपा हुआ डंप बरामद किया गया है। यहां हथियारों की रिपेयरिंग और मशीनों के मेंटेनेंस का काम किया जाता था। तलाशी अभियान के दौरान फोर्स को बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री, हथियार और तकनीकी उपकरण मिले हैं।बरामद सामान में आईईडी, डेटोनेटर, कॉर्डेक्स वायर, जनरेटर और कई अन्य विस्फोटक उपकरण शामिल हैं। यह पूरा इलाका ओडिशा के रिजर्व फॉरेस्ट एरिया के अंतर्गत आता है, जिसे नक्सलियों ने एक बार फिर विस्फोटक छुपाने और अपनी गतिविधियों को संचालित करने के लिए ठिकाने के रूप में इस्तेमाल किया था।आंध्र-ओडिशा बॉर्डर स्पेशल जोनल कमेटी के नक्सली इस इलाके में फिर से सक्रिय होने की कोशिश कर रहे थे। सुरक्षा बलों की संयुक्त कार्रवाई के चलते उनकी योजना नाकाम रही। जवानों ने इलाके की घेराबंदी कर नक्सलियों को पीछे हटने पर मजबूर कर दिया। बताया जा रहा है कि फोर्स का तलाशी अभियान अब भी जारी है और जंगल के अन्य इलाकों में भी सर्च ऑपरेशन को और तेज किया गया है।


