
बिलासपुर। दिवाली पर्व को देखते हुए बिलासपुर जिला कलेक्टर कार्यालय परिसर में स्व सहायता समूह की महिलाओं द्वारा आकर्षक दीयों, अगरबत्तियों और रंगोली की भव्य प्रदर्शनी लगाई गई। महिलाओं ने पहले प्रशिक्षण लेकर विभिन्न आकार-प्रकार के सजावटी और खुशबूदार दीये तैयार किए, जिनमें विशेष रूप से फैन्सी दिए लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। प्रदर्शनी में पारंपरिक मिट्टी के दीयों के साथ-साथ डिजाइनर गिफ्ट पैक और रंग-बिरंगी रंगोलियां भी प्रदर्शित की गई हैं। महिलाओं ने खूबसूरत गिफ्ट पैक सेट तैयार किए हैं, जिनकी बाजार में काफी मांग हो रही है।

कई लोगों ने इन्हें दिवाली उपहार के रूप में देने के लिए पसंद किया। कलेक्टर कार्यालय में आने वाले लोग प्रदर्शनी को देखकर उत्साहित हैं और स्व सहायता समूह की महिलाओं की मेहनत की सराहना कर रहे हैं। प्रदर्शित सामानों की कीमत ₹20 से लेकर ₹150 तक रखी गई है, जिससे हर वर्ग के लोग आसानी से खरीदारी कर पा रहे हैं। इस पहल ने न केवल महिलाओं की आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक सकारात्मक कदम बढ़ाया है, बल्कि स्थानीय स्तर पर निर्मित पारंपरिक उत्पादों को नया बाजार भी मिला है। दिवाली के इस शुभ अवसर पर महिलाओं की रचनात्मकता और आत्मनिर्भरता की यह मिसाल लोगों के लिए प्रेरणादायक बन गई है।


