
नगर निगम द्वारा मिशन अस्पताल कंपाउंड में पिछले दो दिनों से चल रहे अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को सुप्रीम कोर्ट से स्टे मिलने के बाद रोक दिया गया है। लेकिन इसी दौरान एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है।अतिक्रमण तोड़ने के दौरान मौके से एक प्राइवेट ऑटो कबाड़ लेकर जाता देखा गया। नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि यह कबाड़ मोपका गठान भेजा गया है, लेकिन जांच में पता चला कि वह वहां पहुंचा ही नहीं। इससे कबाड़ को बेचने की आशंका गहराती जा रही है।गौरतलब है कि इससे पहले भी नगर निगम के एक पार्षद द्वारा जोन कार्यालय से कबाड़ बेचने का मामला सामने आया था। वहीं निगम के पंप हाउस से भी इसी तरह की घटनाएं लगातार हो रही हैं।इस पर नगर निगम के सभापति ने कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने निगम आयुक्त को पत्र लिखकर इस पूरे मामले पर जवाब मांगा है। सभापति का कहना है कि यदि निगम की संपत्तियों की इस तरह से चोरी हो रही है, तो यह बेहद गंभीर विषय है। उन्होंने निगम में बढ़ती तानाशाही पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि ऐसे हालात जनप्रतिनिधियों के सम्मान पर भी प्रश्नचिन्ह लगा रहे हैं।


