
जिला बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने साइबर ठगी में इस्तेमाल हो रहे म्यूल अकाउंट के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। पहले से हिरासत में रहे लक्ष्मी नारायण पटेल के पूछताछ और तकनीकी-साक्ष्यों के आधार पर ईश्वर प्रसाद उर्फ विवेक पटेल, रविशंकर कश्यप और आयुष बंजारे को हिरासत में लिया गया।जांच में पता चला कि आरोपियों ने म्यूल अकाउंट के माध्यम से साइबर ठगी की रकम अपने बैंक खातों में जमा कर उपयोग किया। ईश्वर ने स्वीकार किया कि रविशंकर और आयुष के खातों में धोखाधड़ी की रकम जमा होती थी और बदले में दोनों को नगद भुगतान किया जाता था।थाना सिटी कोतवाली एवं साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई में तीनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता ने बताया कि मामले की विवेचना जारी है और अन्य संभावित संदिग्धों की तलाश की जा रही है।


