जिले समेत प्रदेश में भीषण गर्मी के चलते राज्य शासन ने सभी सरकारी और निजी स्कूलों में 15 जून तक ग्रीष्मकालीन अवकाश लागू करने का आदेश जारी कर दिया है। जिला शिक्षा अधिकारी ने सभी स्कूलों के प्राचार्य और प्रधान पाठकों को बच्चों को स्कूल नहीं बुलाने के निर्देश दिए हैं। आदेश का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की चेतावनी दी गयी है। यह आदेश शिक्षकों पर लागू नहीं होगा। बीते कुछ दिनों से जिले में भारी गर्मी पड़ रही है, तापमान 42 डिग्री पार हो चुका है। इसके बावजूद तेज धूप में छोटे से लेकर बड़े बच्चे स्कूल जा रहे थे, तेज गर्मी के कारण बच्चों के लू की चपेट में आने की संभावना बढ़ गई थी।


बच्चों के सेहत को ध्यान में रखते हुए जिला शिक्षा विभाग के अधिकारी से लेकर राज्य शासन ने गंभीरता दिखाई और रविवार को राज्य शासन ने स्कूल शिक्षा विभाग को छुट्टी की घोषणा करने निर्देश दिए है। शासन के इस फैसला से बच्चों से लेकर पालकों ने राहत की सांस ली है। वहीं सोमवार से स्कूलों में छुट्टी लग गई है, लेकिन मौसम अचानक से बदल गया और सुबह से ही मौसम सुहावना हो गया है, बदली से मौसम में ढंडक आ गई हैं, ऐसे में निर्देश जारी हो चुके हैं अब सोलह जून से ही नए शिक्षा सत्र के लिए स्कूलों के पट खुलेंगे।





