
जांजगीर-चांपा जिले के विवेकानंद मुख्य मार्ग पर सोमवार सुबह लगभग 10 बजे एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। चांपा से जांजगीर की ओर आ रही एक तेज रफ्तार एम्बुलेंस ने सड़क किनारे खड़ी मालवाहक गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मालवाहक गाड़ी करीब 10 मीटर तक पीछे खिसक गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घायलों को बाहर निकाला और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। हादसे में कुल पांच लोग घायल हुए हैं। एम्बुलेंस में सवार पंचराम और ठंडाराम को सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं, जबकि मालवाहक गाड़ी के चालक सहित दो अन्य लोगों को भी चोटें लगी हैं। सभी घायलों का इलाज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में जारी है।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चांपा के नायक अस्पताल से मरीज को लेकर एम्बुलेंस जांजगीर जांच के लिए आ रही थी, तभी नियंत्रण खोने से यह दुर्घटना हुई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जाम हटाने का कार्य शुरू किया। फिलहाल पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है और मामले की जांच जारी है।


