शहर में यातायात व्यवस्था सुधारने पुलिस की सख्ती,सड़क पर पार्किंग करने वालों पर लगातार कार्रवाई

बिलासपुर शहर में यातायात नियमों की अनदेखी और सड़क किनारे अवैध पार्किंग की बढ़ती समस्या को देखते हुए पुलिस ने मोर्चा संभाल लिया है। पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए शहर में दैनिक कार्रवाई की जा रही है। खासतौर पर दुकान संचालकों को सख्त हिदायत दी गई है कि वे अपनी दुकान के सामने वाहन न खड़ा करें। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रामगोपाल करियारे ने बताया कि दुकान के सामने बनी पीली पट्टी ग्राहकों की ड्रॉप एंड गो पार्किंग के लिए होती है, लेकिन कई दुकानदार खुद की और अपने स्टाफ की गाड़ियां वहीं खड़ी कर देते हैं। इससे ग्राहक सड़क किनारे अपनी गाड़ियां लगाने को मजबूर हो जाते हैं, जिससे यातायात में अवरोध उत्पन्न होता है। पुलिस द्वारा इस प्रकार की लापरवाही पर लगातार चालानी कार्रवाई की जा रही है। यातायात पुलिस ने बताया कि मुख्य चौक-चौराहों पर प्रतिदिन कार्रवाई की जा रही है।

दोपहिया व चारपहिया वाहनों को गलत जगह खड़ी करने, बिना हेलमेट या सीट बेल्ट के चलने वालों पर जुर्माना लगाया जा रहा है। इसके साथ ही लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है कि वे ट्रैफिक नियमों का पालन करें, अन्यथा उन्हें कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा। शहर के कुछ भीड़भाड़ वाले इलाके अब भी यातायात के लिए चुनौती बने हुए हैं, जिन पर यातायात पुलिस की लगातार नजर बनी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि भविष्य में इन इलाकों में भी विशेष अभियान चलाया जाएगा, जिससे ट्रैफिक व्यवस्था को और बेहतर किया जा सके। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि शहर में यातायात व्यवस्था को लेकर किसी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी। आमजन से भी अपील की गई है कि वे कानून का पालन करें और सड़कों को अव्यवस्थित न करें, ताकि सभी को सुरक्षित और सुगम यातायात का अनुभव मिल सके।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
3,912FollowersFollow
21,600SubscribersSubscribe
spot_img

Latest Articles