एक पखवाडे़ बाद हुई रिमझिम बारिश की बौछार से धान के फसल को ऑक्सीजन मिला और पौधे लहलहा उठे है। खेतों की हरियाली देख किसानों के चेहरे भी खिले उठे हैं। बारिश का इंतजार कर रहे किसान अब खेतों में थरहा लगाने की तैयारी में भी जुट गए हैं। वहीं उमस भरी गर्मी से आम लोगों को राहत मिली है। सोमवार से रूक-रूककर हो रही रिमझिम बारिश से मौसम खुशनुमा हो गया है। मौसम विभाग ने भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया है और 24 घंटे तक इसी तरह बारिश होने की संभावना जताई है। लगातार हो रही बारिश के चलते तापमान में भी गिरावट आई है। इन दिनों कोनी अंतर्गत कछार, सेंदरी स्थित खेतों में धान के फसल की हरियाली देखते ही बन रही है। सूखा विधि से खेती करने वाले किसानों के धान के पौधे से खेतों में हरियाली आ गयी है। वहीं देरी से शुरू करने वाले किसानों के खेतों में थरहा लगाने का काम में तेजी आई है। साथ ही बारिश और हल्की ठंडी हवा के बाद मौसम में नमी बनी हुई है।




