सिम्स हॉस्पिटल से एक बड़ी खबर निकलकर सामने आ रही है। दरअसल सिम्स में अलग अलग मामलों में भर्ती 7 महिला, पुरुष एवं बच्चे की एक ही दिन में मौत हो गयी है। इस घटना के बाद सिम्स प्रबंधन के बीच हड़कम्प मच गया है। जानकारी मिल रही है कि बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक अलग अलग मामलों में सिम्स के तीसरे माले स्थित मेल मेडिकल वार्ड तीन में भर्ती थे। जिस दिन सभी की मौत हुई उस दिन सभी चिकित्सक एवं डॉक्टर, स्टाफ और नर्स हड़ताल पर थे। ऐसे में सवाल यह है कि अगर सभी डॉक्टर नर्स और स्टाफ केवल 1 घंटे के लिए ही हड़ताल पर थे तो क्या जितने लोगों की मौत हुई है उनमें से किसी की भी सही तरीके से इलाज नहीं हो सकी या ठीक से उनका ख्याल नहीं रखा गया।


इस संबंध में ज़ी न्यूज़ की टीम ने अस्पताल प्रबंधन से भी चर्चा करना चाह लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका, सिम्स से मिले मौत के आंकड़े के मुताबिक सिम्स मेल मेडिकल वार्ड तीन में रवि सोनकर, 6 साल निवासी चांटीडीह, बहोरन साहू 65 निवासी मोपका, बलराम सोनी 50 निवासी गोड़पारा, ईश्वर कुमार 26 निवासी अकलतरा, रुपी बाई 79 निवासी भीमपुरी, गीता त्रिपाठी 59 निवासी बहतराई और अर्जुन वर्मा 27 निवासी गनियारी का इलाज चल रहा था। एक ही दिन सात लोगों के मौत का मामला गंभीर है आरोप लग रहा है कि चिकित्सकों के 24 घंटे हड़ताल की वजह से ही इन लोगों की मौत हुई है, इसलिए सच्चाई की पड़ताल बेहद जरूरी है।




