
सिविल लाइन से 500 मीटर दूर स्थित साकेत अपार्टमेंट में दिनदहाड़े दो फ्लैटों में चोरी की घटनाओं ने रहवासियों को सकते में डाल दिया। एक फ्लैट से 5 लाख रुपए का रूबी नेकलेस और दूसरे से 15 तोला सोना-चांदी तथा नकदी चोरी हो गई।पुलिस ने फोरेंसिक और डॉग स्क्वाड टीम के साथ जांच शुरू कर दी है, लेकिन अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है।चोरी की सूचना मिलते ही सिविल लाइन पुलिस ने अपार्टमेंट में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की और गार्ड व अन्य लोगों से पूछताछ की। घटना दिन में हुई जब मकानों में लोग बाहर गए हुए थे। पास के बोधीसत्व ब्लॉक में भी सीमेंट प्लांट के जीएम के फ्लैट से चोरी की एफआईआर दर्ज हुई है, जिसमें करीब 80 हजार रुपए की चोरी हुई है।पुलिस का मानना है कि चोरों को पहले से मकानों के खाली होने और अपार्टमेंट की रेकी की जानकारी थी। व्यवसायी के मकान और जीएम के फ्लैट दोनों में कुंडा उखाड़कर चोरी की गई। यह वारदात व्यस्ततम सड़क के पास और सुरक्षित मानी जाने वाली कालोनियों में हुई है, जिससे रहवासियों में भय व्याप्त है।


