सीपत के नवाडीह चौक स्थित दामोदर ज्वेलर्स में सोमवार रात को करीब 40 लाख रुपए के जेवरातों की चोरी हो गई। खास बात यह है कि मौके पर पहुंचे दुकान संचालक पर चोरों ने हमला भी कर दिया।

सीपत नवा डीह एचडीएफसी बैंक के सामने स्थित दामोदर ज्वेलर्स के संचालक दामोदर गुप्ता है । सोमवार को वे अपने पूरे परिवार के साथ एक विवाह समारोह में शामिल होने बिलासपुर गए थे, रात को जब वे लौटे तो उन्हें अपने दुकान के बाहर संदिग्ध गतिविधियां नजर आयी। वहां कुछ नकाबपोश खड़े थे, जब वे अपनी कार लेकर उनके करीब पहुंचे तो उन्हें देखकर उन लोगों ने उनके कार पर पत्थर बाजी शुरू कर दी, जिससे घबराकर वे आगे बढ़ गए और फिर डायल 112 को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि दामोदर ज्वेलर्स के शटर का ताला तोड़कर उनके दुकान में चोरी की गई है। चोरों ने दुकान में लगे शीशे भी तोड़ दिए और सीसीटीवी का कनेक्शन भी काट दिया। शुरुआती जांच में पता चला कि चोर करीब 30 किलो चांदी, 200 ग्राम सोने के जेवर और ₹50,000 नगद ले जाने में कामयाब हुए हैं। ऐसा माना जा रहा है कि चोरों की संख्या तीन से चार हो सकती है।



सोमवार को सीपत में हुई इस बड़ी चोरी से हंगामा मच गया। मौके पर पुलिस के आला अधिकारी पहुंच गए। डॉग स्कवाड और फोरेंसिक टीम के साथ चोरों तक पहुंचाने की कोशिश की जा रही है। इसके लिए सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, तो वहीं पुलिस को एक संदिग्ध मोटरसाइकिल भी मिली है, जिसमें चोरों के कुछ औजार पाए गए हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही वह चोरों तक पहुंच जाएगी। चोर करीब 40 लाख रुपए की चोरी करने में कामयाब हुए हैं, जिनकी पुलिस सरगर्मी से तलाश कर रही है।





