सेजेस लाला लाजपत राय खपरगंज स्कूल में कक्षा 11वीं कॉमर्स विषय के 45 में से 21 छात्र फेल हो गए थे। कॉपी की दोबारा जांच की गई तब भी एक भी छात्र का नंबर नहीं बढ़ पाया। इस दौरान छात्रों के पालक भी उपस्थित थे, जो स्कूल के शिक्षकों द्वारा कॉपी की जांच से संतुष्ट होकर लौटे।

स्वामी आत्मानंद स्कूल लाला लाजपत राय खपरगंज के कक्षा 11वीं कॉमर्स विषय में 45 छात्र परीक्षा में शामिल हुए थे इनमें 19 ही पास हो सके, जबकि 21 फेल हो गए और पांच पूरक और चार अनुपस्थित रहे। स्कूल द्वारा परीक्षा परिणाम जारी करने के बाद फेल छात्रों में से कुछ छात्र एनएसयूआई के पदाधिकारी के साथ मिलकर स्कूल और डीईओ कार्यालय का घेराव कर नंबर बढ़ाने के लिए दबाव बना रहे थे। इस पर प्रिंसिपल ने शिक्षकों से दोबारा कॉपी जांच कराई फिर भी नंबर नहीं बढ़ पाया।

इसके बावजूद फेल हुए छात्र संतुष्ट नहीं हुये, तब डीईओ टी आर साहू के निर्देश पर प्रिंसिपल ने फेल छात्रों और उनके पालकों के सामने कॉपी जांच का निर्णय लिया, 23 और 24 मई को स्कूल में बुलाकर उत्तर पुस्तिका का अवलोकन कराया गया, जिसमें 21 में से 17 छात्र-छात्राओं ने पालकों के साथ उपस्थित होकर उत्तर पुस्तिकाओं का अवलोकन किया और उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन कार्य को संतोषप्रद होने का लिखित में संतुष्टि प्रमाण पत्र दिया।



