इन दिनों एक बार फिर से हेमू नगर में जल समस्या गहरा गई है ।क्षेत्र में मौजूद तीन बोर के पंप खराब होने से यह समस्या आई है। इसके निदान की कोई व्यवस्था नहीं की जा रही।



15 जून के बावजूद बिलासपुर में मानसून का दूर-दूर तक पता नहीं है और अब भी भी यहां भीषण गर्मी है। इसी गर्मी के दौरान एक बार फिर से हेमू नगर में जल संकट उत्पन्न हो गया है। मिशन अमृत योजना के बावजूद यहां घरों तक पानी नहीं पहुंच पा रहा है। असल में इस विशाल क्षेत्र में नल से पानी पहुंचाने के लिए शंकर नगर स्थित पानी टंकी के अलावा अलग-अलग क्षेत्र में लगे बोर का भी सहारा लिया जाता है। पिछले कई दिनों से बंधवापारा तालाब और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के पीछे स्थित बोर का पंप खराब हो गया है, जिसके कारण सप्लाई लाइन में पर्याप्त प्रेशर नहीं बन पा रहा। वही पानी की आपूर्ति भी कम हो रही है, जिस कारण से आधे से अधिक घरों में शुक्रवार से पानी की सप्लाई प्रभावित है।



इससे पहले भी कई बार हेमू नगर में इस तरह की समस्या इसी वर्ष आ चुकी है। इधर खराब हो गए पंप का सुधार कार्य न होने से सैकड़ो घरों में पानी नहीं पहुंच रहा और हेमूनगर वार्ड में पानी के लिए हाहाकार मचा हुआ है। इसे लेकर एक बार फिर से वार्ड पार्षद की निष्क्रियता उजागर हुई है, तो वही जोन के अधिकारियों का भी ढीला ढाला रवैया लोगों में आक्रोश पैदा कर रहा है । लोगों का कहना है कि वार्ड के पार्षद केवल चुनाव के समय वोट मांगने ही नजर आते हैं, बाकी समय उन्हें जनता की समस्या से कोई सरोकार नहीं रहता। गर्मी के मौसम में बार-बार जल संकट विभाग की नाकामी को दर्शा रहा है तो वही यह भी स्पष्ट हो रहा है कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ नगर निगम अधिकारियों की अदूरदर्शिता के चलते ही इस तरह का संकट बार बार उत्पन्न हो रहा है। इस संबंध में जोन के अधिकारियों से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया। दावा किया जा रहा था कि मिशन अमृत योजना के आरंभ हो जाने के बाद पर्याप्त पानी की सप्लाई होगी लेकिन यह दावे हवा हवाई साबित हुए और इसी गर्मी के मौसम में केवल हेमू नगर में ही 10 से अधिक बार इस तरह के संकट का सामना क्षेत्र के लोगों को करना पड़ा है।



