पुलिस से बेखौफ अपराधियों के हौसले कितने बुलंद है, इसे इससे ही समझा जा सकता है कि बीती रात थाना सिरगिट्टी अंतर्गत लूट के नियत से तेज रफ्तार कार में हुए पत्थरबाजी हो गयी। इस घटना में गंभीर रूप से घायल का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है, वहीं इस मामले के आरोपियों को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। लूट की नीयत से पूर्व जनपद अध्यक्ष की चारपहिया वाहन में पत्थरबाजी करने वाले आरोपियों को सिरगिट्टी पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत गिरफ्तार कर लिया है। थाना प्रभारी भारती मरकाम ने जानकारी देते हुए बताया कि पकड़े गए कोरमी निवासी राजेश धुरी और सचिन सोनवानी आपराधिक प्रवृत्ति के युवक है। जो लगातार सिलपहरी राजमार्ग पर सक्रिय होकर वहां से गुजरने वाले चार पहिया वाहनों पर पत्थरबाजी किया करते थे।

इसी तरह शुक्रवार की रात परषदा निवासी राम चंद्राकर अपने पड़ोसी और रिश्तेदार के साथ चार पहिया वाहन में सवार होकर तखतपुर छट्ठी कार्यक्रम से सिलपहरी राजमार्ग होकर परसदा वापस लौट रहे थे कि राजमार्ग में सक्रिय राजेश धुरी और सचिन सोनवानी ने लूट की नीयत से इनके कार पर पत्थरबाजी कर फरार हो गए। इस पत्थर बाजी में एक बड़ा पत्थर कार का शीशा तोड़ते हुए पूर्व जनपद अध्यक्ष रामचंद्राकार सिंह के सिर में लग गया। इससे उन्हें गंभीर चोट आई है, जिन्हें मौके से इलाज के लिए तोरवा स्थित प्राइवेट अस्पताल में भर्ती किया गया है। बताया जा रहा है कि राम चंद्राकर अब भी कोमा में है। इसी बीच शिकायत के बाद तत्काल पुलिस ने पत्थरबाजों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।



गौरतलब है कि पत्थरबाजों ने जिस समय फर्राटे भरते हुए चार पहिया वाहन में पत्थर बाजी की उस समय कार में महिला, पुरुष और बच्चे सहित 7 लोग सवार थे। वहीं अगर पत्थरबाजों का बड़ा पत्थर उस समय ड्राइवर को लग जाता तो शायद सिलपहरी राजमार्ग में एक बड़ा हादसा हो जाता। जिसको लेकर कार में सवार सभी लोग भगवान का धन्यवाद कर रहे है। फिलहाल सिरगिट्टी पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एक मोटरसाइकिल भी बरामद किया है। वही आरोपियों के विरुद्ध गम्भीर धाराओं के तहत कार्यवाही करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष भेज दिया है। इस कार्यवाही में सिरगिट्टी थाना प्रभारी भारती मरकाम, प्रधान आरक्षक विजय दीप त्रिपाठी, विजय शर्मा, मनोज राजपूत एवं आरक्षक जितेंद्र जाधव का महत्वपूर्ण योगदान रहा।



