बिलासपुर पुलिस ने अनोखी पहल करते हुए जिले में संचालित सभी क्लब और बार में लेडी बाउंसर रखने का निर्देश दिया है। ऐसा पिछले दिनों की घटनाओं से सबक लेकर किया गया है।

कहते हैं जो वक्त के साथ नहीं बदलता, वह मिट जाता है। बिलासपुर पुलिस भी वक्त के साथ चलती नजर आ रही है। बिलासपुर के तंत्रा बार में एक बार फिर विवाद हो गया जहां युवक युवतियां आपस में उलझ हा गए। कुछ समय पहले रायपुर रोड स्थित एक और बार में भी इसी तरह की घटना हुई थी। भले ही यह शुचिता के खिलाफ है, लेकिन सच्चाई है कि इन दिनों युवतियां बड़ी संख्या में रोजाना क्लब और बार में पार्टी करने पहुंचती है। समय की मांग है कि उन्हें रोका नहीं जा सकता। वैसे भी पुलिस किसी वयस्क महिला को बार में जाने से नियमानुसार नहीं रोक सकती, इसलिए इस तरह की घटनाओं से सबक लेते हुए पुलिस चाहती है कि क्लब और बार में अगर कोई अप्रिय घटना घट जाए तो ऐसी ऐसी सूरत में उनकी सुरक्षा के लिए बार में लेडी बाउंसर भी रहे।



इसे देखते हुए बिलासपुर पुलिस ने पहली बार बिलासपुर जिले में संचालित होने वाले सभी बार और क्लब के संचालकों को पुरुष बाउंसर के साथ लेडी बाउंसर रखने का भी निर्देश दिया है। वैसे तो बार में पुरुष बाउंसर होते हैं, लेकिन अगर विवाद लड़कियों के साथ हो तो वे भी बेबस नजर आते हैं या फिर उनके दखल से लड़कियां खुद को असहज पाती है और कई मर्तबा तो उन पर ही आरोप लगा दिए जाते हैं। बार में अक्सर डांस फ्लोर पर या शराब- सिगरेट पीने के दौरान आपस में लोग उलझ जाते हैं। कई बार युवतियों का ही आपस में विवाद हो जाता है तो कई बार लड़कों से उनके झगड़े होते हैं। ऐसी सूरत में बीच बचाव के लिए अगर लेडी बाउंसर हो तो फिर स्थिति को बेहतर संभाला जा सकता है, इसे देखते हुए एसपी रजनेश सिंह ने सभी बार संचालकों को महिलाओं की सुरक्षा के मद्दे नजर बार में लेडिस बाउंसर रखने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि इसका पालन नहीं करने वाले संचालकों के खिलाफ कार्रवाई भी की जा सकती है।



यह नया दौर है, जहां युवतियां शाम ढलने के बाद अपने दोस्तों के साथ बार और क्लब पहुंच जाती है। पहले ऐसा सिर्फ महानगरों में होता था लेकिन अब बिलासपुर में भी यह सामान्य बात है। अगर कहीं महिलाएं पहुंच रही है तो उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी भी पुलिस के साथ संस्थान संचालक की है। बिलासपुर एसपी ने ऐसे सभी बार संचालकों को अपने बार में लेडी बाउंसर रखने का निर्देश दिया है, जिससे कि महिला कस्टमर खुद को सुरक्षित अनुभव करें और अप्रिय स्थिति में वह दखल कर सके। साथ ही देर रात लड़कियों को सुरक्षित घर पहुंचाने की भी जिम्मेदारी इन लेडी बाउंसर को दी जा सकती है। बताया जा रहा है कि बड़े शहरों में महिला बाउंसर पहले से ही रखे जाते हैं, इससे बिलासपुर में अच्छी डीलडौल और जिम जाने वाली युवतियों को रोजगार का एक नए विकल्प भी मिल सकेगा, तो वही क्लब और बार जाने वाली युवतियां खुद को अब पहले से अधिक सुरक्षित महसूस करेगी।




