Homeहमर बिलासपुरतखतपुर में बस-ट्रक की जोरदार भिड़ंत, 20 यात्री घायल महिलाएं, बच्चे और...

तखतपुर में बस-ट्रक की जोरदार भिड़ंत, 20 यात्री घायल महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग भी चपेट में, चार की हालत गंभीर, सिम्स रेफर

बिलासपुर जिले के तखतपुर क्षेत्र में रविवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। पथरिया मोड़ के पास एक तेज रफ्तार यात्री बस और ट्रक के बीच आमने-सामने की टक्कर में 20 से अधिक लोग घायल हो गए। हादसे में महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को गंभीर चोटें आई हैं। टक्कर के बाद अफरा-तफरी मच गई और सड़क पर जाम लग गया। घायलों को तखतपुर अस्पताल लाया गया, जहां से चार की गंभीर हालत देखते हुए उन्हें सिम्स रेफर किया गया है। हादसा सुबह करीब 9 बजे हुआ, जब यात्री बस क्रमांक CG10G0323 मुंगेली से बिलासपुर की ओर आ रही थी। जैसे ही बस पथरिया मोड़ के पास पहुंची, सामने से आ रहा तेज रफ्तार ट्रक बस से टकरा गया। दोनों वाहनों की रफ्तार तेज होने के चलते टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।हादसे के तुरंत बाद चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग मदद के लिए दौड़ पड़े।

कई यात्रियों को बस से निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और 108 एंबुलेंस को सूचना दी। कुछ ही देर में मौके पर पुलिस पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया गया।तखतपुर पुलिस की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार किया गया। डॉक्टरों ने बताया कि घायलों में से चार की हालत चिंताजनक है। इन्हें बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर सिम्स रेफर कर दिया गया है।रेफर किए गए मरीजों में 1 साल की बच्ची खुशबू, 16 वर्षीय मधु, 34 वर्षीय महेंद्र और 37 वर्षीय रजनी शामिल हैं। सिम्स अस्पताल के सीएमओ डॉ. एस.के. पेंड्रो ने बताया कि सभी घायलों का इलाज जारी है और उनकी हालत पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

हादसे की सूचना मिलते ही घायलों के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। परिजनों का कहना है कि बस की रफ्तार काफी तेज थी और ट्रक भी बिना साइड दिए सामने आ गया, जिससे यह टक्कर हुई। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना ने सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार के खतरे को एक बार फिर उजागर कर दिया है। प्रशासन ने घायलों के बेहतर इलाज का भरोसा दिलाया है और घायलों के परिवार से संयम बनाए रखने की अपील की है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments