
बिलासपुर पहुंचे पूर्व डिप्टी सीएम टी एस सिंहदेव का बड़ा बयान सामने आया है। सिंहदेव ने एकबार फिर छग का सीएम बनने की इच्छा पर बड़ी बात कही है। टी एस ने इसके साथ ही CJI पर जूता फेंकने और हाइकोर्ट वकील के पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए बीजेपी पर भी निशाना साधा है। टी एस ने सबसे पहले छग का मुख्यमंत्री बनने की इच्छा पर कहा कि, मैं कभी नहीं कहूंगा कि मुझे मुख्यमंत्री नहीं बनना है। मुख्यमंत्री आप नहीं बनना चाहते ऐसा कौन कहेगा। पहले भी मेरा नाम चला था। ढाई- ढाई साल के मुद्दे पर मीडिया ने लगातार मुझे बनाए रखा। बाकि पार्टी का निर्णय अंतिम रहता है। आगे CJI पर जूता फेंकने के विवाद और हाइकोर्ट वकील के पोस्ट पर कहा: सारे हिंदू भाजपाई कैसे होंगे, मैं भी हिंदू हूं लेकिन मैं पैदा हुआ कांग्रेसी और मरूंगा भी कांग्रेसी। किसी समाज या जाति से सीमित ये मामला नहीं हो सकता है। सर्वोच्च संवैधानिक स्थान पर जो व्यक्ति बैठा है उसका अनादर करेंगे, तो संपूर्ण संवैधानिक व्यवस्था का आप अनादर करते हैं। दुर्भाग्य से देश की राजनीति धर्म और जाति की हो गई है। जैसे ही यह मामला आया सनातन की बात आ गई। जैसे ही सनातन की बात आई अनुसूचित जाति की बात आ गई। जिस तरह की घटना है क्रिया की प्रतिक्रिया हो रही है। क्रिया हुई तत्काल सनातन आ गया। देश की संविधान और संवैधानिक पद की गरिमा नहीं लाई गई। आज जो देश का वातावरण दूषित हो रहा है इसी वजह से हो रहा है। ये राजनीतिक लाभ लेने के लिए समाज को विभाजित करना चाहते हैं। वोट की राजनीति में हिंदू धर्म जिसे बहुसंख्यक माना जा रहा है। सारे हिंदू भाजपाई कैसे होंगे। इसके अलावा उन्होंने बिहार चुनाव पर भी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि बिहार में मुकाबला खड़ा है लेकिन जनता बदलाव के मूड में है लिहाजा इस बार बिहार में बदलाव जरूर होगा।


