
डीपी विप्र महाविद्यालय में तीन दिवसीय साइंस मिलेनियम का आयोजन उत्साह और जोश के साथ जारी है। पिछले कई वर्षों से निरंतर हो रहा यह आयोजन अब क्षेत्र का एक प्रमुख विज्ञान महोत्सव बन चुका है, जिसमें महाविद्यालय ही नहीं बल्कि विभिन्न विद्यालयों के छात्र भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हैं। इस वर्ष आयोजन को लेकर छात्रों में विशेष उत्साह देखा गया। कार्यक्रम के लिए करीब 3600 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया है, वहीं लगभग 800 विज्ञान मॉडल प्रदर्शनी में लगाए गए हैं, जो छात्रों की वैज्ञानिक सोच और कल्पनाशीलता को दर्शाते हैं।

तीन दिवसीय आयोजन के दौरान विद्यार्थियों ने विज्ञान से जुड़े कई विषयों को अपने मॉडलों के माध्यम से प्रस्तुत किया है। ऊर्जा संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा, तकनीकी नवाचार, रोबोटिक्स, स्वास्थ्य विज्ञान जैसे अनेक विषयों पर बनाए गए आकर्षक मॉडल दर्शकों का ध्यान खींच रहे हैं। छात्रों का कहना है कि ऐसे आयोजनों से उन्हें अपने ज्ञान को व्यवहारिक रूप देने का अवसर मिलता है और विज्ञान के प्रति रुचि और भी बढ़ती है।गुरुवार को कार्यक्रम का उद्घाटन बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल ने किया।

उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा और विज्ञान के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि आज के समय में विज्ञान का महत्व लगातार बढ़ रहा है और विद्यार्थी जिस तरह अपनी कल्पनाओं को मॉडल के माध्यम से वास्तविक रूप में ढाल रहे हैं, वह भविष्य के लिए निश्चित ही सार्थक और प्रेरणादायक है।विधायक ने महाविद्यालय के निरंतर प्रयासों की सराहना करते हुए संस्थान द्वारा रखी गई मांगों पर विचार करने का आश्वासन भी दिया। इस आयोजन ने विद्यार्थियों में विज्ञान के प्रति नई ऊर्जा और उत्साह भर दिया है


