नए शैक्षणिक सत्र में स्वामी आत्मानंद हिंदी और अंग्रेजी माध्यम स्कूलों के संचालन को लेकर संशय है कि जिला शिक्षा विभाग करेगा या कलेक्टर की अध्यक्षता वाली कमेटी। सरकार बनने के बाद शिक्षा मंत्री ने ऐलान किया था कि स्वामी आत्मानंद स्कूलों का संचालन अब कलेक्टर की अध्यक्षता वाली समिति नहीं करेगी, लेकिन इसका आदेश अब तक जारी नहीं हो सका है। इधर, 34 स्कूलों में पुराने नियम के तहत छात्रों की भर्ती चल रही है। सरकार ने स्कूलों के संचालन अधिकार को लेकर कोई आदेश जारी नहीं किया है। लोक शिक्षण संचालनालय की बैठक में प्रवेश प्रक्रिया पर ध्यान देने को कहा गया है। स्कूलों के संचालन को लेकर कलेक्टर की अध्यक्षता वाली समिति से लेकर स्कूलों के संचालन का अधिकार जिला शिक्षा विभाग को देने में देरी हो रही है।

जिले की 34 हिंदी और अंग्रेजी माध्यम आत्मानंद स्कूलों में करीब 20 हजार 400 बच्चों को प्रवेश दिया जाएगा। लॉटरी सिस्टम से छात्रों को प्रवेश दिया जाएगा। जब इस विषय में जिला शिक्षा अधिकारी से पूछा गया तो उन्होंने भी कोई आदेश नहीं होने की जानकारी दी ऑफ कैमरा उन्होंने बताया कि चुनाव के बाद स्थिति स्पष्ट हो सकेगा कि आत्मानंद स्कूलों का संचालक कलेक्टर की अध्यक्षता वाली समिति करेगी या जिला शिक्षा विभाग द्वारा संचालित होगा। शिक्षा संचनालय से अभी केवल भर्ती प्रक्रिया पूरा करने का ही निर्देश प्राप्त हुआ है।





