थाना सिटी कोतवाली अंतर्गत एक बुजुर्ग महिला को पारिवारिक हादसा औऱ विपत्ति, संकट के निदान का हवाला देकर धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। एडिशनल एसपी उमेश कश्यप ने बताया कि सरकण्डा नूतन चौक राम निकेतन निवासी अंजना खरे शनिवार की शाम गोलबाजार में खरीददारी करने आई थी। अमरनाथ की दुकान में सामान खरीदने के बाद पैदल घर जा रही थी। इसी दौरान एक व्यक्ति उनके पास आया और कहने लगा आपके बेटे की दुर्घटना होने वाली है। श्रीमती खरे उसकी बातों को नजर अंदाज करते हुए गोलबाजार हनुमान मंदिर की ओर जाने लगी। अज्ञात व्यक्ति उनके पीछे लग गया। उसने श्रीमती खरे को अपने पहने हुए जेवर को पर्स में रख लेने को कहा। श्रीमती खरे उनकी बातों में आकर सोने का मंगलसूत्र, चुड़िया, टाप्स निकालकर पर्स में रख ली।

इस बीच एक अन्य व्यक्ति आया और उनसे पर्स लेकर कहा मुठ्ठी बंद कर 10 कदम आगे चलने से माता के दर्शन होंगे, इस दौरान पीछे मुड़कर मत देखना। इससे बेटे पर आने वाली विपत्ति दूर हो जाएगी। उसकी बातों में आकर बुजुर्ग महिला आंख बंदकर 10 कदम आगे गईं। पीछे पलट कर देखीं तो दोनों व्यक्ति पर्स लेकर रफू चक्कर हो गए थे। पर्स में जेवर के अलावा, मोबाइल 1800 रुपए नकद, एक कुर्ती थी। पुलिस ने उनकी रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 420, 34 के तहत अपराध दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया है।


