
राज्य में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी रफ्तार पकड़ चुकी है। 19 नवंबर को एक ही दिन 7.11 लाख क्विंटल धान खरीदा गया, जबकि पांच दिनों में कुल खरीदी 14.54 लाख क्विंटल पहुंच गई है। किसानों को भुगतान तेजी से हो, इसके लिए मार्कफेड ने बैंकों को 214 करोड़ रुपये जारी कर दिए हैं, वहीं धान खरीदी केंद्रों और चेकपोस्टों पर गड़बड़ी रोकने कड़ी निगरानी रखी जा रही है।इधर राज्य सरकार ने शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों की गाइडलाइन दरों का व्यापक और वैज्ञानिक पुनरीक्षण किया है। नगरीय क्षेत्रों में लगभग 20% और ग्रामीण क्षेत्रों में 50% से 300% तक वृद्धि कर दरों को रोड-वाइज और तर्कसंगत बनाया गया है। इससे किसानों को भूमि अधिग्रहण में अधिक मुआवज़ा, नागरिकों को संपत्तियों का वास्तविक मूल्य और बैंक से अधिक लोन मिलने में सीधा लाभ मिलेगा।मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि यह संशोधन पारदर्शिता और जनहित को ध्यान में रखकर किया गया है। उन्होंने अंबिकापुर में जनजातीय गौरव दिवस के प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के आगमन की जानकारी दी और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सरकार लगातार रिफॉर्म लाकर जनता को लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।


